शादी समारोह में मर्डर: चाकूबाजी में दुल्हन के भाई की जान गई, सीसीटीवी फुटेज वायरल

धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में शादी समारोह के चौथीया कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बीते शनिवार रात दुल्हन पक्ष और बैंड बाजा संचालकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया और दुल्हन के भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद क्षेत्र के मालगांव से आए दुल्हन पक्ष और बैंड बाजा दल के बीच नाच-गाने के दौरान कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर बैंड बाजा दल के एक सदस्य ने दुल्हन पक्ष के चंदन निषाद 23 वर्ष पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चंदन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों में तरुण ध्रुव की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पुलिस प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी बढ़ाने की बात कही है।



