मुरैना: सड़क पर बेसुध होकर गिरे सीआरपीएफ जवान, युवाओं ने सीपीआर देकर लौटा दीं सांसें

मुरैना। शहर की एमएस रोड पर एक सीआरपीएफ जवान को स्कूटी चलाते समय अचानक दिल का दौरा पड़ गया, जिससे वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता और सीपीआर देने से जवान की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, जवान स्कूटी से बैरियर चौराहा से सदर बाजार की ओर जा रहा था। भोज भवन के पास पहुंचते ही वह अचानक स्कूटी समेत गिर पड़ा। घटना को देखकर आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। शुरुआत में कुछ लोगों ने इसे मिर्गी का दौरा समझा, लेकिन मौजूद युवाओं ने स्थिति को समझते हुए तुरंत सीपीआर देना शुरू किया।
लगातार दो से तीन मिनट तक सीपीआर देने के बाद युवक के शरीर में हलचल शुरू हुई और उसने हल्का सिर हिलाया। कुछ देर बाद उसकी आंखें खुल गईं, हालांकि उसे पूरी तरह होश में आने में करीब 15 मिनट का समय लगा।
होश में आने पर युवक ने अपना नाम कुलदीप सिंह तोमर बताया, जो खड़िया बेहड़ गांव का निवासी है और सीआरपीएफ में पदस्थ है। उसने बताया कि वह मुरैना की नवोदय कॉलोनी में रहता है और घर से सामान लेने निकला था।
जवान ने बताया कि उसे मिर्गी जैसी कोई बीमारी नहीं है, जिससे प्राथमिक रूप से दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई जा रही है। समय पर मिली सहायता और सीपीआर के कारण उसकी जान बच सकी। यह घटना आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की जागरूकता और तत्परता का उदाहरण बनी है।



