यूथ कांग्रेस नेता की दो कारों को बदमाशों ने फूंका, घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में लगाई आग

रायपुर। राजधानी में यूथ कांग्रेस नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के घर के बाहर खड़ी दो कारों को अज्ञात उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात लोगों ने कारों पर पेट्रोल डालकर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। आग लगने से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।
घटना के बाद यूथ कांग्रेस नेता ने इसे पुलिस की लापरवाही बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।



