मंत्री टंक राम वर्मा 7-8 जून को बस्तर और नारायणपुर दौरे पर, दंतेश्वरी माता के करेंगे दर्शन

रायपुर, 6 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा 7 और 8 जून को बस्तर संभाग के दौरे पर रहेंगे। दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ-साथ सुशासन तिहार के तहत आयोजित शासकीय कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

दंतेश्वरी माता के दर्शन करेंगे मंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री टंक राम वर्मा रविवार 7 जून को रायपुर स्थित शासकीय आवास से दंतेवाड़ा के लिए रवाना होंगे। धमतरी, बालोद, कांकेर, कोंडागांव और जगदलपुर होते हुए वे प्रसिद्ध दंतेश्वरी मंदिर पहुंचेंगे।
मंदिर में वे मां दंतेश्वरी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना करेंगे। इसके बाद उनका रात्रि विश्राम चित्रकोट क्षेत्र में प्रस्तावित है।
सुशासन तिहार में जनता से करेंगे संवाद
दौरे के दूसरे दिन 8 जून को मंत्री वर्मा सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत नारायणपुर जिले के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे ग्राम हलामीमुंजमेटा पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे।
सरकारी कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने और योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन कर रही है।


