बारूद के ढेर पर मेक्सिको: सेना और खूंखार ड्रग कार्टेल के बीच खूनी संघर्ष शुरू

मेक्सिको में कुख्यात ड्रग सरगना अल मेंचो के मारे जाने के बाद कई राज्यों में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। सेना और ड्रग कार्टेल के बीच जारी कार्रवाई के कारण कई शहरों में हिंसा, आगजनी और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 14 राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
मेक्सिको के जलिस्को से लेकर पुएर्तो वालार्ता तक हालात बेहद संवेदनशील बताए जा रहे हैं। भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए आपातकालीन एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि अल मेंचो, जिसे दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग लॉर्ड में गिना जाता था, हाल ही में सुरक्षा बलों के एक अभियान में मारा गया। इस कार्रवाई में अमेरिकी एजेंसियों की खुफिया जानकारी और दबाव की भी चर्चा है। इसके बाद से कई इलाकों में हिंसक घटनाएं सामने आई हैं।
ड्रग कार्टेल ने अपने सरगना की मौत के विरोध में कई शहरों में तथाकथित नार्को ब्लॉकेड लागू कर सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। पेट्रोल पंपों और वाहनों में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। जवाब में मेक्सिकन सेना ने हेलिकॉप्टर और अन्य संसाधनों की मदद से सघन अभियान शुरू किया है।
पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध पुएर्तो वालार्ता में उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। ग्वाडलहारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी एहतियातन कई फ्लाइट्स रद्द की गईं, जिससे यात्रियों में अफरा तफरी की स्थिति देखी गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार 22 फरवरी 2026 को मेक्सिको की विशेष बलों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर ऑपरेशन चलाया था, जिसमें अल मेंचो मारा गया। उसके बाद से कई शहरों में सुरक्षा बलों और कार्टेल के बीच टकराव की घटनाएं बढ़ गई हैं।
सरकार ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।




