नालंदा में चैत्र मेले के दौरान भारी भगदड़, मलबे की तरह एक-दूसरे पर गिरे लोग, 8 की जान गई

नालंदा, 31 मार्च 2026। बिहार के नालंदा जिले के शीतला मंदिर में मंगलवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ से अव्यवस्था की स्थिति बन गई। इससे मची भगदड़ में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शीतला माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। मौके पर पुलिस-प्रशासन का बंदोबस्त ना के बराबर था। कुछ श्रद्धालु दर्शन की जल्दबाजी में कतार तोड़कर एक के ऊपर एक चढ़ने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ हो गई।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने दर्जनभर से अधिक लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से आठ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार बता रहे हैं। चैत्र के महीने में आस्था के बड़े केंद्र शीतला मंदिर में पुलिस का इंतजाम नहीं होना सवालों के घेरे में है।
बताया जाता है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए नालंदा पहुंची हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के कारण पुलिस-प्रशासन का पूरा ध्यान विश्वविद्यालय पर था, जिससे शीतला मंदिर में पुलिस कर्मियों की तैनाती नहीं थी।



