सेल्स टैक्स कार्यालय में भीषण आग, दस्तावेज और कंप्यूटर जलकर खाक

खंडवा। जिला जेल के सामने स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दफ्तर के महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और फर्नीचर जलकर खाक हो गए। रविवार का अवकाश होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे भवन से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। उस समय दफ्तर बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग से दफ्तर के अंदर रखे कई जरूरी रिकॉर्ड और सामान नष्ट हो गए हैं। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में जुटी रही। पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।



