बिलासपुर के प्रताप चौक में भीषण आग: कपड़ों का शोरूम जलकर राख, लाखों का नुकसान

बिलासपुर। शहर के व्यस्त प्रताप चौक क्षेत्र में देर रात अचानक लगी आग से एक कपड़े की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सारा सामान नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रताप चौक स्थित ‘साक्षी फैशन’ दुकान में देर रात धुआं उठता देखा गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर अन्य दुकानदारों को सतर्क किया, लेकिन तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी।
दुकान में बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कोई भी सामान बाहर नहीं निकाला जा सका। सुबह तक पूरी दुकान का स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुकान संचालक ने किसी भी तरह की साजिश या रंजिश से इनकार किया है।
रात के समय लगी इस आग से पूरे व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग देर तक मौके पर जुटे रहे।



