भारतमाला मार्ग पर ट्रेलर और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत, मलबे में तब्दील हुई गाड़ी; एक की मौके पर मौत, दो की हालत नाजुक

कोरबा। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उरगा थाना क्षेत्र के तरदा भारतमाला मार्ग पर बीती रात हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार लोग वाहन में फंस गए। राहत दल ने गैस कटर की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। हादसे में 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वह झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का निवासी था। वहीं 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर रायपुर भेजा गया।
बताया जा रहा है कि कंपनी का काम कोरबा में भी चल रहा है और इसी सिलसिले में रायपुर से दो डंपर वाहन कोरबा लाए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। मृतक अरुण कुमार यादव पिछले दो वर्षों से रायपुर में कार्यरत था। उसकी शादी तीन वर्ष पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। मामले की जांच जारी है।



