माशिमं ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का पैटर्न बदला, बहुविकल्पीय प्रश्नों की संख्या बढ़ी

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र पैटर्न में बड़ा बदलाव किया है। माशिमं की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि कॉम्पिटिटिव परीक्षा की तैयारी को ध्यान में रखते हुए बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) की संख्या बढ़ाई गई है।
सचिव ने बताया कि नए पैटर्न में प्रश्नों का वितरण इस प्रकार होगा: ज्ञानात्मक 20%, अवबोधात्मक 25%, अनुप्रयोगात्मक 25%, विश्लेषणात्मक 10%, मूल्यांकन 10% और रचनात्मक 10%।
नए पैटर्न के तहत वस्तुनिष्ठ प्रश्नों में 1-1 अंक के 15 प्रश्न शामिल होंगे। लघु उत्तरीय प्रश्नों में दो अंक के तीन प्रश्न रहेंगे। लघु उत्तरीय-2 सेक्शन में 3 प्रश्न होंगे, जिनके कुल 18 अंक निर्धारित किए गए हैं।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में 4 प्रश्न रहेंगे, प्रत्येक 5 अंक का होगा और कुल 20 अंक का होगा। दीर्घ उत्तरीय-2 में 2 प्रश्न रहेंगे, प्रत्येक 5 अंक का, जिनका कुल मूल्य 10 अंक होगा। अति दीर्घ उत्तरीय प्रश्न में एक सवाल 6 अंक का निर्धारित किया गया है।



