सरोना शराब दुकान में बड़ी चोरी, 7 लाख रुपये से भरा लॉकर उखाड़ ले गए बदमाश, गार्ड की तलाश में जुटी पुलिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। सरोना स्थित सरकारी कंपोजिट शराब दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 7 लाख रुपये से भरे लॉकर को उखाड़कर अपने साथ ले गए। घटना के बाद आबकारी विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। चोर सिर्फ नकदी लेकर ही नहीं गए, बल्कि उन्होंने दुकान में लगे CCTV सिस्टम का DVR भी निकाल लिया। इसके अलावा चार स्कैनर भी अपने साथ ले गए। माना जा रहा है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया ताकि उनकी पहचान न हो सके।
सुबह खुला चोरी का राज
घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ जब दुकान का सुपरवाइजर करीब 10 बजे मौके पर पहुंचा। दुकान का ताला टूटा हुआ देखकर उसे चोरी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखने पर लॉकर गायब मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस और आबकारी विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, आबकारी विभाग के अधिकारी और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
गार्ड पर भी उठ रहे सवाल
पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड से संपर्क करने की कोशिश की। पहली बार फोन उठाने पर उसने बताया कि जब उसने आखिरी बार दुकान देखी थी, तब सब कुछ सामान्य था और ताला बंद था। हालांकि बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद से उससे संपर्क नहीं हो पाया है।
पुलिस फिलहाल गार्ड की तलाश कर रही है और उससे पूछताछ के बाद कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।



