बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ में दो वर्दीधारी नक्सली ढेर, आधुनिक हथियार बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गुरुवार सुबह जांगला थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के किनारे स्थित घने जंगलों में हुई एक मुठभेड़ के दौरान जवानों ने दो वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम जांगला के जंगलों में तलाशी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभाला और काफी देर तक चली गोलीबारी के बाद दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के बाद घटना स्थल की तलाशी लेने पर मारे गए नक्सलियों के शवों के साथ ही भारी मात्रा में असलहा बरामद हुआ है, जिसमें एसएलआर और इंसास जैसे घातक हथियार शामिल हैं।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने इस मुठभेड़ और दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौके से बरामद हथियारों और साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में जवानों द्वारा सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है ताकि छिपे हुए अन्य नक्सलियों का पता लगाया जा सके।



