सकरी पुलिस की बड़ी कामयाबी: हत्या कर तमिलनाडु भागने की फिराक में थे दो भाई, बीट आरक्षकों ने बिछाया जाल

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दो भाइयों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद फरार दोनों आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च को सतीश कौशिक अपने दोस्त राकेश कौशिक उर्फ छोटू और उसके भाई गणेश कौशिक के साथ शराब पीने गया था। तीनों ने सकरी शराब भट्टी से शराब खरीदी और संबलपुर के एक खेत में पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर पीने लगे। इसी दौरान सतीश ने नशे की हालत में आरोपियों और उनके परिवार के खिलाफ अपशब्द कहने शुरू कर दिए। मना करने के बावजूद वह नहीं रुका, जिससे विवाद बढ़ गया।
गुस्से में आकर दोनों भाइयों ने सतीश पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उसका सिर पेड़ की जड़ से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और लगातार ठिकाना बदलते रहे। वे पहले एक रिश्तेदार के घर पहुंचे, लेकिन घटना की जानकारी मिलने पर उन्हें वहां से भगा दिया गया। इसके बाद दोनों बेलगहना क्षेत्र के एक आश्रम में रुके और फिर एक आरोपी के ससुराल पहुंच गए, जहां से वे बाहर भागने की तैयारी में थे।
इस बीच सकरी थाना पुलिस को आरोपियों की लोकेशन की जानकारी मिली। बीट आरक्षकों आशीष शर्मा, अफाक खान और अनुप नेताम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को उनके ससुराल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


