जंग के बीच बड़ी हलचल, होर्मुज पार कर भारत की ओर बढ़ा पहला LNG टैंकर

दुबई। अमेरिका-ईरान जंग शुरू होने के बाद से लगभग बंद पड़े Strait of Hormuz में अब हलचल दिखने लगी है।
ईरान ने भारत समेत कुछ मित्र देशों के जहाजों को सीमित रूप से गुजरने की अनुमति दी है, लेकिन अब भी सैकड़ों जहाज समुद्र में इंतजार कर रहे हैं। तेल और एलपीजी टैंकरों को आंशिक राहत मिली है, लेकिन एलएनजी टैंकरों की आवाजाही पूरी तरह ठप थी। इस संकट के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर गहरा असर पड़ा है।
ADNOC का टैंकर बना गेमचेंजर, भारत के पास पहुंचा
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार ADNOC द्वारा संचालित एक एलएनजी टैंकर ने होर्मुज स्ट्रेट पार कर लिया है। जहाज ट्रैकिंग डेटा में यह टैंकर भारत के पास दिखाई दे रहा है, जिससे ऊर्जा बाजार में राहत की उम्मीद बढ़ी है। 28 फरवरी को जंग शुरू होने के बाद यह पहला भरा हुआ एलएनजी टैंकर माना जा रहा है जिसने यह अहम रास्ता पार किया है। अगर इसकी आधिकारिक पुष्टि होती है, तो यह वैश्विक गैस सप्लाई के लिए बड़ा संकेत माना जाएगा।
इस घटनाक्रम से भारत समेत कई देशों के लिए ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति बेहतर होने की संभावना जताई जा रही है।




