कोरबा में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारियों सहित 14 पुलिसकर्मियों का तबादला

कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से जिले के पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत दो टीआई, चार एसआई, तीन एएसआई सहित कुल 14 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में कई थानों और चौकियों के प्रभारियों को बदला गया है।
नयी पदस्थापना के अनुसार, दर्री थाना प्रभारी की कमान अब आशीष सिंह को सौंपी गई है, वहीं नागेश तिवारी को पाली थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उप निरीक्षक जितेंद्र यादव को करतला थाने की जिम्मेदारी दी गई है। सिविल लाइन थाने में पदस्थ उप निरीक्षक सुमन पोया को लेमरू थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि लेमरू से एएसआई कुंवर साय पैकरा को जटगा चौकी भेजा गया है। वहीं पाली थाने से उप निरीक्षक पुरुषोत्तम उईके को सिविल लाइन थाना स्थानांतरित किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत पसान थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रवण विश्वकर्मा को उनके पद से हटाकर रक्षित केंद्र भेजा गया है। उनकी जगह अब जटगा चौकी से आए एएसआई पसान थाने का प्रभार संभालेंगे। इसी प्रकार एएसआई लक्ष्मी प्रसाद कुर्रे को रक्षित केंद्र से पाली थाना भेजा गया है। इस सूची में दो प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षकों के नाम भी शामिल हैं जिन्हें अलग-अलग स्थानों पर नई जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस तबादले को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बेहतर पुलिसिंग के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




