महाराष्ट्र में बड़ा सियासी फेरबदल: सुनेत्रा पवार बनेंगी नई उपमुख्यमंत्री, कल शाम होगा शपथ ग्रहण

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सत्ता संतुलन को बनाए रखने के लिए महायुति सरकार में नए समीकरण तय किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री बनने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। वे शनिवार शाम 5 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी। उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी के साथ-साथ उनके पास आबकारी और खेल मंत्रालय का प्रभार भी रहेगा।
इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधानमंडल दल की बैठक शनिवार दोपहर 2 बजे बुलाई गई है। इस बैठक में भविष्य की रणनीति और नई नियुक्तियों को लेकर औपचारिक चर्चा होने की संभावना है। राज्य की राजनीति में सुनेत्रा पवार की इस नई भूमिका को आगामी चुनावों और गठबंधन की मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शासन स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आगामी बजट सत्र से पहले मुख्यमंत्री स्वयं वित्त मंत्रालय का प्रभार संभालेंगे। आर्थिक नीतियों और बजट की तैयारियों पर सीधी निगरानी रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। इन बदलावों के साथ महाराष्ट्र सरकार अब एक नए स्वरूप में कामकाज शुरू करने की तैयारी में है।



