राजनांदगांव में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाले किनारे डंप 9 पेटी शराब जब्त

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मोहारा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 पेटी शराब जब्त की है। यह शराब मध्यप्रदेश की बताई जा रही है, जिसे अवैध बिक्री के लिए नाले के पास छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य तस्कर फरार हो गया।
मोहारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मोहारा निवासी नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी कोटरीछापर रोड स्थित मुढिया नाला के पास भारी मात्रा में शराब डंप कर अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोग भागने लगे। टीम ने पीछा कर तीन आरोपियों देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेंद्र वर्मा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मौके से 9 पेटी शराब बरामद की गई। जब्त शराब मध्यप्रदेश से लाई गई थी और उसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी थी।
पुलिस के अनुसार, शराब डंप करने वाला मुख्य आरोपी नंदकिशोर वर्मा मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई जा रही है।
मोहारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब मुख्य आरोपी और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।



