बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों के ठिकानों से हथियार, विस्फोटक और 65 लाख कैश बरामद

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के पुराने ठिकानों और डंपों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और नकदी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान जंगलों में छिपाकर बनाए गए कई बंकरों का भी खुलासा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और Central Reserve Police Force की टीमों ने जिले के सुदूर और संवेदनशील इलाकों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंपों का पता चला।
Jitendra Kumar Yadav ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना और मजबूत खुफिया तंत्र की मदद से यह कार्रवाई संभव हो पाई। पिछले एक महीने से इलाके में लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था।
कार्रवाई में कुल 65 लाख 52 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन और .303 रायफल समेत कुल 32 हथियार जब्त किए गए हैं। सुरक्षाबलों को बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, बीजीएल लॉन्चर, पिस्टल, मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री भी मिली है।
बरामद हथियारों में 1 एलएमजी रायफल, 4 एसएलआर रायफल, 1 कार्बाइन, 5 .303 रायफल, 1 .315 रायफल और कई बंदूकें शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि पहले बरामद किए गए करीब 140 किलो अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया को भी सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किया गया।
एसपी डॉ. यादव के अनुसार इस कार्रवाई से नक्सलियों की हथियार सप्लाई और आईईडी बनाने की क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार बीजापुर को नक्सलमुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक जिले में कार्रवाई के दौरान 234 माओवादी मारे गए हैं। वहीं 1192 गिरफ्तार और 1003 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
।



