रायपुर से बड़ी खबर: पश्चिम एशिया के तनाव के बीच सीएम साय की इमरजेंसी मीटिंग, रसोई गैस और खाद की सप्लाई को लेकर जारी हुआ नया आदेश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी संभागीय आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, रायपुर पुलिस आयुक्त, सभी कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर पश्चिम एशिया में उत्पन्न स्थिति को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई। इसका उद्देश्य राज्य में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है।
बैठक में रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग और संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम संकट उत्पन्न करने की किसी भी कोशिश पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में खाद्य, उद्योग, कृषि, खनिज, परिवहन, तेल विपणन कंपनियों और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।



