नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सर्चिंग के दौरान तीन शक्तिशाली आईईडी बरामद

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने सर्चिंग अभियान के दौरान तीन शक्तिशाली आईईडी बरामद कर नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया। बरामद आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 226 बटालियन सर्चिंग के लिए निकली थी। इस दौरान जगरगुंडा-नरसापुरम मार्ग पर माओवादियों द्वारा लगाए गए तीन आईईडी बरामद किए गए। सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए इन आईईडी का वजन क्रमशः 1 किलो, 2 किलो और 4 किलो पाया गया।
आईईडी मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता, डीएसएमडी और डॉग स्क्वायड की मदद से उन्हें मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट किया गया। इसके बाद सर्चिंग टीम सुरक्षित वापस लौट आई।
सुरक्षाबलों का कहना है कि इस बरामदगी से क्षेत्र में नक्सलियों की सक्रियता की पुष्टि होती है। अभियान जारी है और निर्धारित समय सीमा के भीतर इलाके को नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।



