खरोरा में बड़ा हादसा टला: स्कूल बस का पिछला गेट टूटकर सड़क पर गिरा, बाल-बाल बचे बच्चे

रायपुर (खरोरा): रायपुर के खरोरा इलाके में स्थित हॉली हार्ट स्कूल की बस में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही बस का पिछला गेट अचानक टूटकर बीच सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाकर बस को रुकवा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार बच्चे सुरक्षित हैं।
शनिवार दोपहर स्कूल से छुट्टी होने के बाद बस बच्चों को लेकर रवाना हुई थी। बस अभी रास्ते में ही थी कि अचानक उसका पिछला दरवाजा उखड़कर सड़क पर आ गिरा। गेट गिरते ही बस के पीछे चल रहे वाहनों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर पीछे चल रहे लोग सतर्कता नहीं दिखाते और बस नहीं रुकवाते, तो बस के अंदर बैठे बच्चे गिर सकते थे या कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
इस घटना ने स्कूल बस की फिटनेस और रखरखाव की पोल खोल दी है। बस के गेट का इस तरह चलते-चलते गिर जाना बताता है कि वाहनों की सुरक्षा जांच में भारी लापरवाही बरती जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन मौके पर पहुंच गए। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है और कंडम हो चुकी बसों का संचालन किया जा रहा है।
हादसे के बाद से बच्चे डरे हुए हैं और परिजनों में भारी आक्रोश है। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वे भारी-भरकम फीस देते हैं, लेकिन बदले में बच्चों को जानलेवा असुरक्षा मिल रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खरोरा क्षेत्र की सभी स्कूल बसों की तुरंत फिटनेस जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।



