रेलवे का बड़ा फैसला, 22-23 मार्च को कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों को परेशानी

बिलासपुर। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 22 और 23 मार्च को कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जिससे रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 389 पर गर्डर हटाने के कार्य के लिए ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इसी कारण कई ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार 22 मार्च को रायपुर-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर, बिलासपुर-गेवरा रोड और गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा कोरबा-रायपुर और रायपुर-इतवारी पैसेंजर ट्रेनें भी निरस्त की गई हैं।
वहीं 23 मार्च को इतवारी-रायपुर और रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी रद्द रहेगा।
इसके अतिरिक्त 22 मार्च को झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेन केवल बिलासपुर तक ही संचालित होगी, जबकि गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर से ही प्रारंभ होगी। इस दौरान बिलासपुर और गोंदिया के बीच इन ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की है।



