बिलासपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला, विदेशी निवेश के नाम पर वकील से 3.13 करोड़ की ठगी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को विदेशी निवेशक बताकर एक वकील से 3 करोड़ 13 लाख 13 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ठग ने खुद को लंदन निवासी क्रिस डेविड नाम की महिला बताकर पीड़ित वकील से संपर्क किया। आरोपी ने छत्तीसगढ़ में रियल एस्टेट और अन्य व्यवसायों में निवेश के नाम पर बड़ी रकम लगाने का झांसा दिया। ठग ने 103 करोड़ रुपये का निवेश क्लियर कराने के लिए प्रोसेसिंग चार्ज और टैक्स के नाम पर पैसे मांगे।
शुरुआत में वकील से 11.5 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद अलग अलग बहानों से किश्तों में रकम मंगाई जाती रही। इस तरह फरवरी से जून 2024 के बीच कुल 3.13 करोड़ रुपये आरोपी के खातों में ट्रांसफर कराए गए।
पीड़ित को भरोसे में लेने और डराने के लिए आरोपी ने आरबीआई, ईडी और अन्य सरकारी एजेंसियों का नाम भी लिया। जांच में सामने आया है कि ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर हरियाणा के पानीपत निवासी के नाम पर दर्ज है।
घटना का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश या पैसे ट्रांसफर न करें। विदेशी निवेश, लॉटरी या बड़े मुनाफे के नाम पर आने वाले कॉल और संदेशों से सतर्क रहें।


