रायपुर में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, महानदी से 3 मशीनें जब्त, माफियाओं में हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सरकार का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के निर्देशों के बाद खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में अवैध रेत खनन का बड़ा मामला सामने आया है।

खनिज विभाग की केंद्रीय उड़नदस्ता टीम और रायपुर जिला स्तरीय संयुक्त दल ने तहसील आरंग के ग्राम हरडीडीह स्थित महानदी में छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान नदी में मशीनों के जरिए नियमों के खिलाफ रेत उत्खनन किया जा रहा था।
टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 3 चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। विभाग ने यह कार्रवाई खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की है। संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश में अवैध खनन पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभागीय सचिव और संचालक स्तर से नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी वजह से कई इलाकों में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण देखने को मिल रहा है।
कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर अन्य गतिविधियों की भी जांच की।
खनिज विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण और खनन पट्टा नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा। विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सरकार की इस कार्रवाई को अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट और नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदेश में लगातार हो रही कार्रवाई के बाद अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।



