रायपुर में नशे में ड्राइविंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 132 वाहन चालक पकड़े गए

रायपुर। शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और यातायात एवं प्रोटोकॉल के पुलिस उपायुक्त विकास कुमार के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इससे चालक न केवल अपने जीवन, बल्कि अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करता है। इसी को देखते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस वर्ष जनवरी से अब तक करीब 1100 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इसी क्रम में 14 मार्च 2026 की रात एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के आठ स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान में यातायात थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस स्टाफ की टीमों ने संयुक्त रूप से जांच की। कार्रवाई के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते हुए 132 वाहन चालकों को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है और उन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


