हवाई यात्रियों को बड़ा झटका: एयर इंडिया ने लागू किया नया स्लैब सिस्टम, अब दूरी के हिसाब से लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज

नई दिल्ली। Air India ने फ्यूल सरचार्ज के ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी 8 अप्रैल 2026 से पुराने फ्लैट सरचार्ज को हटाकर दूरी के आधार पर नया स्लैब सिस्टम लागू कर रही है। इस फैसले से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों रूट्स पर उड़ानों का किराया बढ़ने की संभावना है।
कंपनी के अनुसार, नया फ्यूल सरचार्ज ढांचा 8 अप्रैल से घरेलू रूट्स और 10 अप्रैल से प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर लागू होगा। यह कदम एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी के कारण उठाया गया है, जिससे एयरलाइंस की परिचालन लागत में इजाफा हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में उत्तरी अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे लंबे रूट्स पर प्रति सेक्टर 280 डॉलर, यानी करीब 23,400 रुपये का सरचार्ज लगाया जाएगा। आने-जाने की यात्रा पर यह अतिरिक्त खर्च लगभग 47,000 रुपये तक पहुंच सकता है। यूरोप और यूनाइटेड किंगडम रूट्स पर प्रति सेक्टर 205 डॉलर, यानी करीब 17,000 रुपये का सरचार्ज तय किया गया है।
दक्षिण एशियाई देशों जैसे नेपाल और श्रीलंका के लिए प्रति सेक्टर 24 डॉलर, यानी करीब 2,000 रुपये और मध्य पूर्व रूट्स पर 50 डॉलर, यानी लगभग 4,200 रुपये का अतिरिक्त सरचार्ज लगेगा।
घरेलू उड़ानों के लिए भी कंपनी ने दूरी आधारित मॉडल लागू किया है। 0 से 500 किलोमीटर तक की दूरी पर 299 रुपये प्रति सेक्टर और 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी पर 899 रुपये तक का सरचार्ज लिया जाएगा।
कंपनी ने बताया कि यह बदलाव सरकार द्वारा घरेलू एटीएफ कीमतों में बढ़ोतरी को सीमित करने के फैसले के अनुरूप है, लेकिन वैश्विक स्तर पर ईंधन कीमतों में वृद्धि का असर किराए पर पड़ेगा।



