शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई: ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन पड़ा भारी, प्राथमिक शाला बाला के दो शिक्षक निलंबित

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नशे की हालत में स्कूल पहुंचने पर प्राथमिक शाला बाला, विकासखंड मनेंद्रगढ़ में पदस्थ प्रधानपाठक पारस राम वर्मा और सहायक शिक्षक मेहीलाल सिंह को कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों शिक्षक ड्यूटी के समय शराब के नशे में पाए गए। मौके पर पंचनामा तैयार कर दोनों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों शिक्षकों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ भेजा गया, जहां मेडिकल जांच में भी शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद जांच प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय को सौंपा गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 एवं 23 के उल्लंघन का दोषी पाते हुए दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवा में इस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



