रायपुर में नगर निगम का बड़ा एक्शन! होलीक्रॉस के दो स्कूलों को किया सील, लाखों का टैक्स बकाया होने पर हुई कड़ी कार्रवाई

रायपुर, 31 मार्च 2026। राजधानी रायपुर में नगर निगम ने टैक्स बकाया को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए होलीक्रॉस के दो स्कूलों को सील कर दिया। निगम के जोन क्रमांक 4 के राजस्व विभाग ने आयुक्त के सख्त निर्देश पर यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, होलीक्रॉस स्कूल बैरनबाजार पर लगभग 34 लाख रुपये और होलीक्रॉस स्कूल शैलेन्द्र नगर पर करीब 24 लाख रुपये का टैक्स बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं करने पर निगम की टीम ने दोनों स्कूलों में ताला लगाकर उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही होलीक्रॉस स्कूल कांपा प्रबंधन ने सक्रियता दिखाते हुए अपना पूरा बकाया तुरंत निगम को जमा कर दिया, जिससे उस स्कूल पर सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई। निगम अधिकारियों ने कहा कि बकायेदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। टैक्स नहीं चुकाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



