गोबरानवापारा में रेत के अवैध उत्खनन-भण्डारण पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 पोकलेन जब्त-सील

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर रायपुर जिले में रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उप-संचालक खनिज प्रशासन श्री राजेश मालवे के नेतृत्व में 18 और 19 मई 2026 को गोबरानवापारा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में लगी दो पोकलेन मशीनों को जब्त कर सीलबंद किया गया।

खनिज विभाग की टीम ने ग्राम लखना स्थित रेत खदान का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि स्वीकृत क्षेत्र के बाहर और पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करते हुए चेन माउंटेड पोकलेन मशीनों से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी। मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों मशीनों को जब्त किया गया और उत्खनन कार्य तत्काल बंद कराया गया।
इसी अभियान के दौरान तहसील गोबरानवापारा के ग्राम नवागांव, जौंदा, जौंदी और डगनिया में भी अवैध रेत भंडारण का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि महानदी से रेत लाकर बिना वैध अनुमति के अलग-अलग स्थानों पर उसका भंडारण किया गया था।
खनिज विभाग ने इस मामले में श्री अनिल कुमार साहू, श्री गोविंद साहू, श्री ईश्वर पटेल, श्री प्रताप सेन, श्री त्रिलोकी साहू, श्री अजय साहू और श्री मनीष ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई की है। विभाग ने छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत अवैध रूप से जमा की गई पूरी रेत को जब्त कर लिया है। साथ ही संबंधित लोगों को जवाब पेश करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया है।
उप-संचालक खनिज श्री राजेश मालवे ने कहा कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है। खनिज विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ किया है कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन और अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


