छत्तीसगढ़ बोर्ड की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही बरतने वाले 30 शिक्षक ब्लैकलिस्ट

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षाओं की सुचिता बनाए रखने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। हायर सेकेंडरी परीक्षा 2025 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में 30 शिक्षकों को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इन शिक्षकों को किसी भी बोर्ड कार्य में शामिल नहीं किया जाएगा।

यह पूरा मामला उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के दौरान सामने आया। जांच में पाया गया कि कई छात्रों के अंकों में 20 से लेकर 40 नंबर तक का भारी अंतर आया है। मूल्यांकन में इतनी बड़ी त्रुटि को अक्षम्य मानते हुए मंडल ने इन शिक्षकों की एक वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने की अनुशंसा भी की है। अंकों के आवंटन में हुई इस धांधली के बाद संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भेज दिए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के इस फैसले से पूरे प्रदेश के शिक्षा जगत में खलबली मच गई है। मंडल का उद्देश्य इस कार्रवाई के जरिए यह संदेश देना है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कदम को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुधार के रूप में देखा जा रहा है। बोर्ड ने भविष्य में ऐसी गलतियों को रोकने के लिए मूल्यांकन केंद्रों पर निगरानी और सख्त करने के संकेत दिए हैं।



