छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता का उत्सव: कल 2300 से अधिक जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह

रायपुर.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार कल 8 मई को प्रदेशव्यापी सामूहिक कन्या विवाह समारोह का आयोजन करने जा रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित होने वाले इन भव्य कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस ऐतिहासिक पहल के जरिए राज्य सरकार सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दे रही है।

इस प्रदेशव्यापी आयोजन में विभिन्न धर्मों और समुदायों के 2300 से अधिक जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। खास बात यह है कि इसमें हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और बौद्ध धर्म के साथ-साथ विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़े भी शामिल होंगे, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेंगे। मुख्यमंत्री साय के अनुसार, यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता को दूर कर उन्हें गरिमापूर्ण जीवन प्रदान कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 10 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 6,412 जोड़ों का विवाह हुआ था, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। योजना के प्रावधानों के तहत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में विभाग ने सभी जिलों में भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।



