कोरबा में निर्माणाधीन दीवार गिरने से दो वर्षीय मासूम की मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास एक निर्माणाधीन मकान की पक्की बाउंड्री वॉल का हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे में दबने से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब दीवार के पास से लोग गुजर रहे थे और कुछ बच्चे वहीं खेल रहे थे। अचानक बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर पड़ी और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने से स्थानीय निवासी दो वर्षीय धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) सहित तीन लोग घायल हो गए। मोहल्लेवासियों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला। घटना में दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक ऑटो और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद आक्रोशित बस्तीवासियों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद संबंधित वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



