एमपी के अनूपपुर में बड़ा हादसा: मलबे में दबने से हुई थी 3 की मौत, सीएम ने दिए स्वेच्छा अनुदान और संबल योजना से मुआवजे के निर्देश

भोपाल। अनूपपुर जिले के कोतमा में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान और संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये तथा रेड क्रॉस से 1-1 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं घायलों को मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से 2-2 लाख रुपये और रेड क्रॉस से 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
सीएम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
गौरतलब है कि शनिवार को कोतमा बस स्टैंड के पास अग्रवाल लॉज की तीन मंजिला इमारत अचानक गिर गई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया कि इमारत में होटल संचालित था और उसके पास निर्माण कार्य भी चल रहा था, जिसे हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम, पुलिस, नगर पालिका और एसईसीएल की टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



