सभा मंडप गिरने से बड़ा हादसा, 5 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल, परभणी के यशवाड़ी मारुति मंदिर में हादसे के बाद राहत-बचाव अभियान जारी

महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मानवत तहसील स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर परिसर में बना सभा मंडप अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय मंडप के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंडप गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भारी मात्रा में मलबा गिरने से कई श्रद्धालु उसके नीचे दब गए। प्रशासन को आशंका है कि अब भी 30 से 40 लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं।
हालांकि, फंसे लोगों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।
राहतकर्मी लगातार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं।घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं को तुरंत आर.पी. अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।मौके से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि मंदिर के सामने बना सभा मंडप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार यह संरचना निर्माणाधीन थी। हालांकि, मंडप गिरने की असली वजह क्या रही, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।जिला प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में घटना को लेकर गहरा दुख और चिंता का माहौल है। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।



