एशिया कप 2025 में चमकी महासमुंद की बेटी दिव्या रंगारी, भारत को दिलाया स्वर्ण

अंडर-16 वूमेन्स एशिया कप 2025 का आयोजन मलेशिया में 13 से 19 सितम्बर तक हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस विजेता टीम में छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की दिव्या रंगारी भी शामिल रहीं।
भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार पांच मुकाबले जीते और फाइनल में ईरान को रोमांचक अंदाज़ में 67-66 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत ने पूरे प्रदेश और जिले को गर्व से भर दिया।
दिव्या का भव्य स्वागत...
महासमुंद पहुंचने पर दिव्या रंगारी का जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम जनता ने जगह-जगह स्वागत किया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शाल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और सभी ने दिव्या को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
नगर में भी दिव्या के सम्मान में भव्य रैली निकाली गई। चौक-चौराहों पर नागरिकों और खेल संघों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा और नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने भी दिव्या का स्वागत कर जिले का गौरव बढ़ाने के लिए बधाई दी।
भारतीय टीम का सफर...
भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत ईरान को 70-67 से हराकर की, इसके बाद उज्बेकिस्तान पर 81-69 और समोआ पर 71-54 से जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में इंडोनेशिया को 65-53 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए एक अंक के अंतर से जीत हासिल की। इस उपलब्धि के साथ भारत ने 2017 के बाद फिर से डिवीजन बी से आगे बढ़ते हुए डिवीजन ए में जगह बनाई।
बधाइयों की झड़ी...
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत और दिव्या के शानदार प्रदर्शन पर प्रदेश बास्केटबॉल संघ, स्थानीय संगठनों, खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त किया। दिव्या के माता-पिता और परिवार को भी इस सफलता पर गर्व और शुभकामनाएं दी गईं।