महासमुंद: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ खेलते 9 आरोपी गिरफ्तार, सवा लाख से अधिक का माल जब्त

महासमुंद। भंवरपुर पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नगदी समेत कुल 1 लाख 36 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को 7 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बनडबरी से संतपाली जाने वाले कच्चे रास्ते पर नीम के पेड़ के नीचे कुछ लोग ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचनामा तैयार कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 9 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपी सरायपाली थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से ताश के पत्ते, नगदी और अन्य सामान जब्त किया। जब्त सामग्री में 12 हजार 300 रुपये नगद, 8 मोबाइल फोन जिनकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है, और 6 पुरानी मोटरसाइकिल जिनकी कीमत लगभग 94 हजार रुपये है, शामिल हैं।
इस प्रकार कुल 1 लाख 36 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में जीतराम चौहान 45 वर्ष निवासी संतपाली, केशव साहू 24 वर्ष निवासी संतपाली, होरीलाल राणा 28 वर्ष निवासी संतपाली, विनय नायक 37 वर्ष निवासी संतपाली, सीताराम राणा 28 वर्ष निवासी संतपाली, बसंत कुमार निषाद 26 वर्ष निवासी संतपाली, तुलसीराम राणा 34 वर्ष निवासी बरतीयां भाठा, उपेन्द्र नायक 36 वर्ष निवासी बरतीयां भाठा तथा रूकमन पटेल 38 वर्ष निवासी बरतीयां भाठा शामिल हैं।



