महासमुंद: रोपवे टूटने से श्रद्धालु की मौत पर सीएम साय ने जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की

रायपुर। महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुए रोपवे हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि खल्लारी माता मंदिर में हुई रोपवे दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना से वे बेहद व्यथित हैं।
सीएम ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्राप्त हो। साथ ही उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हादसे की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मां खल्लारी माता से प्रार्थना की कि सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।



