महासमुंद बोर्ड परीक्षा वीडियो वायरल मामला: लापरवाही पर 5 कर्मचारी निलंबित

महासमुंद। जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले ने बड़ा तूल पकड़ लिया है। भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय परीक्षा केंद्र में हुई इस गंभीर लापरवाही पर शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने केंद्र के पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामला परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 का है। यहां बोर्ड परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई। एक छात्रा बिना ठीक से जांच के परीक्षा कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि छात्रा के पास डिजिटल कैमरा था।
परीक्षा के दौरान इसी कैमरे से वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की गई। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। नियमों की अनदेखी और लापरवाही पर सवाल उठने लगे।
जिला शिक्षा अधिकारी की प्रारंभिक जांच में साफ हुआ कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई। परीक्षा केंद्र में सुरक्षा जांच कमजोर पाई गई। इसी को गंभीर कदाचार मानते हुए कार्रवाई की गई।
लोक शिक्षण संचालनालय ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत यह कदम उठाया है। विभाग ने इसे परीक्षा प्रणाली की गंभीर चूक माना है।
निलंबित कर्मचारियों में गंगा प्रसाद पटेल (केंद्र अध्यक्ष), अनिरुद्ध भोई और दिनेश कुमार दास (सहायक केंद्र अध्यक्ष), दुर्गाप्रसाद पटेल (पर्यवेक्षक) और विजिया बुड़ेक (भृत्य) शामिल हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। कहा गया है कि भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं इस घटना ने परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग अब पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा है।



