आरंग में स्कूल वाहन का भीषण हादसा, नशे में धुत चालक ने ट्रक को मारी टक्कर, कई बच्चे घायल

आरंग। आरंग क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम उमरिया स्थित वेंकटेश्वर सिग्नेचर स्कूल के तेज रफ्तार वाहन ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वाहन में सवार कई स्कूली बच्चों के घायल होने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल वाहन का चालक और उसका एक साथी शराब के नशे में थे। नशे की हालत में चालक तेज गति से वाहन चला रहा था, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा। बताया जा रहा है कि स्कूल वाहन महासमुंद और आरंग क्षेत्र के बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था।
हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही भी सामने आई है। घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय स्कूल परिसर ले जाया गया, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर बच्चों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने और शराबी चालक को वाहन सौंपने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति की जानकारी ली जा रही है। ग्रामीणों और परिजनों ने दोषी चालक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।



