शराब घोटाला मामला: 168 दिन बाद चैतन्य बघेल को जमानत, जेल से रिहा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में करीब 168 दिनों से जेल में बंद चैतन्य बघेल को जमानत मिल गई है। जमानत आदेश के बाद आज उनकी रिहाई हुई। रिहाई की खबर सामने आते ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
रायपुर केंद्रीय जेल के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक चैतन्य बघेल के स्वागत के लिए जुटे रहे। जेल से बाहर आते ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी की। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाइयां बांटी गईं। रिहाई के बाद चैतन्य बघेल ने अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और उनसे गले मिले। पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
इससे पहले सुबह से ही रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता पहुंचने लगे थे, जहां उत्सव जैसा माहौल देखा गया। वहीं केंद्रीय जेल परिसर के बाहर भी कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही।



