भिलाई में बोरे में मिली महिला की लाश की शिनाख्त, तीन संदेही हिरासत में

दुर्ग। भिलाई के चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज के पास बोरे में मिली महिला की लाश की शिनाख्त सुपेला थाना पुलिस ने कर ली है। मृतका की पहचान भारती निर्मलकर, निवासी कोसा नगर सुपेला के रूप में हुई है। महिला के लिव-इन पार्टनर ने थाने पहुंचकर शिनाख्त की, जबकि हाथ पर गोदना से लिखे नामों को पुलिस ने प्रचारित किया था। पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है और मामले का शीघ्र खुलासा करने का दावा कर रही है।
घटना 12 दिसंबर की सुबह की है, जब चंद्रा-मौर्या अंडरब्रिज के पास नाली में बोरे में बंद सड़ी-गली लाश मिली थी। लाश के हाथ पर गोदना से लखन, सुरेश, महादेव और आरती नाम लिखे हुए थे। मायके पक्ष के परिजनों ने भी शिनाख्त की है। परिजनों के बयान तथा हत्या के साक्ष्यों के आधार पर तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है।
परिजनों के अनुसार भारती निर्मलकर आखिरी बार 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ देखी गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई। शिनाख्त के लिए दुर्ग पुलिस ने रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर सहित दर्जनभर जिलों के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों की जांच की तथा विभिन्न स्पा सेंटर्स में कार्यरत महिलाओं की जानकारी भी खंगाली। अंततः हाथ पर गोदना से लिखे नामों के आधार पर शिनाख्त संभव हो सकी।
सुपेला पुलिस इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। हिरासत में लिए गए तीन संदेहियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही हत्यारे बेनकाब कर दिए जाएंगे।



