सड़क हादसे में थमी जिंदगी: जगदलपुर में ट्रक और टिप्पर की भिड़ंत, आधा दर्जन लोग घायल

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदलपुर के डिलमिली पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टिप्पर और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की चपेट में सड़क किनारे खड़ी एक कार भी आ गई। टक्कर के बाद ट्रक और कार पेड़ से जा टकराए।
इस दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में कार चालक और ट्रक में सवार अन्य लोग शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार टिप्पर और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी कार से टकराते हुए पेड़ से जा भिड़ा। हादसे में कार चालक को चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि घायल बीजापुर से कैटरिंग का काम कर लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



