लश्कर की नापाक नजर: दिल्ली में IED धमाकों का खतरा, सुरक्षा एजेंसियों ने चांदनी चौक और लाल किला क्षेत्र को घेरा

टीआरपी डेस्क। दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। खुफिया सूत्रों के अनुसार लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों द्वारा लाल किला और चांदनी चौक के आसपास धमाके की साजिश रचे जाने की आशंका है। खासतौर पर इलाके के प्रमुख मंदिर को निशाना बनाए जाने की जानकारी मिली है।
सूत्रों के मुताबिक संगठन आईईडी हमले की योजना बना रहा है। बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को इस्लामाबाद में मस्जिद विस्फोट के बाद भारत में बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की जा सकती है।
इनपुट मिलते ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि संभावित खतरे को देखते हुए बड़े मंदिरों और प्रमुख स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
उल्लेखनीय है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किला क्षेत्र के पास कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत और कई घायल हुए थे। घटना के बाद देशभर में जांच और छापेमारी की गई थी।
वहीं पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित शहजाद टाउन इलाके की एक इमाम बारगाह में जुमे की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती विस्फोट में कई लोगों की जान गई थी और अनेक घायल हुए थे।



