कोरबा: धान बिक्री टोकन न मिलने से परेशान किसान ने कीटनाशक का सेवन किया, अस्पताल में भर्ती

कोरबा, 12 जनवरी 2026: जिले में धान बिक्री के लिए टोकन न मिलने से परेशान एक किसान ने कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से बीमार हो गया। किसान को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्थानीय सांसद ज्योत्सना महंत अस्पताल पहुंचीं और किसान से मिलकर उनकी हालत का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, कीटनाशक का सेवन करने वाले किसान की पहचान कोरबी निवासी 40 वर्षीय सुमेर सिंह गोड़ के रूप में हुई है। किसान ने करीब 3 एकड़ 75 डिसमिल जमीन पर धान की खेती की थी और 68 क्विंटल से अधिक धान की बिक्री के लिए लंबे समय से टोकन कटवाने की कोशिश कर रहा था।
किसान के पास मोबाइल फोन न होने और बार-बार टोकन न मिलने से वह भारी मानसिक दबाव में था। टोकन न मिलने की वजह से खुद को असहाय महसूस कर उसने आत्महत्या के इरादे से कीटनाशक का सेवन कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टोकन वितरण प्रक्रिया में हुई देरी के कारणों की पड़ताल कर रही है।



