खेलो इंडिया नेशनल ट्रायबल गेम्स: कल होगा रंगारंग उद्घाटन, डिप्टी सीएम अरुण साव आज साझा करेंगे विस्तृत जानकारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में 25 मार्च की शाम खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स का भव्य उद्घाटन खेल संचालनालय परिसर मैदान में किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और मैदान में आकर्षक मंच के साथ साज-सज्जा का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को रंगारंग बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक कलाकारों और वाद्ययंत्रों को शामिल किया गया है। विभिन्न राज्यों से आने वाली टीमों का मार्चपास्ट भी समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगा, जिसके लिए नाम पट्टिकाएं तैयार कर ली गई हैं। सोमवार को मैदान में गेड़ी नर्तकों ने भी अभ्यास किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबले अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल और कोटा स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। तीरंदाजी स्पर्धा के लिए उद्घाटन स्थल पर ही विशेष फील्ड तैयार किया गया है, जहां इंडियन आर्चरी, रिकर्व और कम्पाउंड वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इस बीच, उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव दोपहर 1:30 बजे साइंस कॉलेज स्थित खेल संचालनालय परिसर में प्रेसवार्ता कर आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।



