छत्तीसगढ़ में 01 अक्टूबर से करमा महोत्सव 2025 की शुरुआत

छत्तीसगढ़ राज्य में आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का भव्य उत्सव ‘करमा महोत्सव 2025’ 01 अक्टूबर से शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित यह महोत्सव पूरे राज्य में करीब डेढ़ माह तक चार चरणों में आयोजित होगा।ग्राम पंचायत स्तर पर महोत्सव 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक, विकासखंड स्तर पर 16 से 31 अक्टूबर, जिला स्तर पर 01 से 07 नवंबर और राज्य स्तर पर 08 से 15 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें करमा नृत्य, करमा गीत, जनजातीय लोक गायकों का प्रदर्शन और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी शामिल होगी।
छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ भव्य करमा जनजातीय संस्कृति का उत्सव...
मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक परंपराओं और कला को संरक्षित करना है। कार्यक्रम में चयनित नृत्य दलों को ग्राम से राज्य स्तर तक प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त दल को 50 हजार रुपये और राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले दल को 2 लाख रुपये पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। करमा महोत्सव का आयोजन आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, नवा रायपुर के समन्वय एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। राज्य सरकार का यह प्रयास जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने और इसे आने वाली पीढ़ियों तक संरक्षित रूप में पहुंचाने के लिए है।