रायपुर में ट्रैफिक पुलिस की टोइंग क्रेन ने स्कूल जा रहे बच्चों को कुचला, एक मासूम की मौत और दूसरे की हालत गंभीर

रायपुर। राजधानी रायपुर के पॉश इलाके में गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूल जा रहे दो मासूम बच्चे ट्रैफिक पुलिस की टोइंग क्रेन की चपेट में आ गए। छत्तीसगढ़ क्लब के ठीक सामने हुई इस भीषण भिड़ंत में एक बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल बच्ची को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मासूम बच्चों को कुचलने वाला वाहन ट्रैफिक विभाग की टोइंग क्रेन थी। हादसे के वक्त क्रेन काफी तेज रफ्तार में थी जिसने बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस बीच चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। शहर के व्यस्त और पॉश इलाके में पुलिस के ही वाहन से हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


