जशपुर: कुनकुरी को 107 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

जशपुर, 23 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन के दो वर्षों में प्रदेश में विकास की नई गति देखने को मिल रही है। इसी क्रम में जशपुर जिले के कुनकुरी नगर पंचायत क्षेत्र को 107 करोड़ 32 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं से नगर की आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, यातायात एवं नागरिक सुविधाओं में व्यापक एवं दीर्घकालिक सुधार होगा।
कुनकुरी में युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं प्रदान करने के लिए 63 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण को मंजूरी दी गई है। यह कॉम्प्लेक्स क्षेत्रीय युवाओं की खेल प्रतिभा निखारने में मील का पत्थर साबित होगा।
नगर पंचायत क्षेत्र में 53 विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनसे विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में 2 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से नेचुरोपैथी भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है। इससे प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद एवं योग को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को बेहतर वैकल्पिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
पर्यटन एवं धार्मिक आस्था को सशक्त करने के लिए छठ घाट के समग्र विकास हेतु 5 करोड़ 17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। घाट के सौंदर्यीकरण एवं विकास से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा एवं आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए 6 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम भवन का निर्माण होगा, जिससे कला, संस्कृति एवं सामाजिक आयोजनों को नया मंच मिलेगा। शिक्षा क्षेत्र में नालंदा परिसर के 250 सीटर विस्तार के लिए 4 करोड़ 37 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।
नगर के यातायात को सुव्यवस्थित बनाने के लिए 7 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से हाई-टेक बस स्टैंड का निर्माण होगा, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी। बच्चों के मनोरंजन एवं सुरक्षित खेल के लिए 1 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से रिक्रिएशन चिल्ड्रन पार्क का निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक एलईडी स्ट्रीट लाइट एवं अन्य विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित होगी।



