जशपुर बस हादसे पर सीएम विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुख, घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश…

रायपुर। जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में लोगों के असामयिक निधन पर शोक जताते हुए कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति दें।
सीएम साय ने दुर्घटना में घायल सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।


