जांजगीर-चांपा: मारपीट मामले में एफआईआर दर्ज न करने पर एसआई निलंबित, एसपी ने ली सख्त कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। मारपीट के मामले में विधि सम्मत कार्रवाई न करने और थाने में दबाव बनाकर समझौता कराने के आरोप में उप निरीक्षक (एसआई) को पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने निलंबित कर दिया है। यह मामला 27 मार्च 2026 की रात का है, जब आवेदक ग्राम रोगदा निवासी प्रकाश नैरोसे मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू ने मामले में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों पर दबाव बनाकर समझौता करा दिया।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय नने एसआई कृष्ण कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता के पात्र होंगे। साथ ही, एसपी ने मामले की प्रारंभिक जांच के आदेश देते हुए सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।



